Showing posts with label पद्म पुरस्कार. Show all posts
Showing posts with label पद्म पुरस्कार. Show all posts

Saturday, April 30, 2016

प्रेरित और प्रोत्साहित करते हैं पद्म पुरस्कार

-सौम्या अपराजिता
पुरस्कार और सम्मान प्रोत्साहन के स्रोत होते हैं। इनसे और भी बेहतर,प्रयोगशील और रचनात्मक बनने और करने की प्रेरणा मिलती है। ..और यह पुरस्कार जब देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान के रूप में हों,तो ये उत्साहवर्द्धक होने के साथ-साथ गौरवशाली भी हो जाते हैं। भारतीय सन्दर्भ में पद्म पुरस्कार ऐसे ही सम्मान हैं।

भारत रत्न के बाद पद्म पुरस्कार भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान हैं। ये पुरस्कार, विभिन्न क्षेत्रों जैसे कला, समाज सेवा, लोक-कार्य, विज्ञान और इंजीनियरी, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल-कूद, सिविल सेवा इत्यादि के संबंध में प्रदान किए जाते हैं। ये पुरस्कार प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर उद्घोषित किये जाते हैं। कला क्षेत्र के अंतर्गत फ़िल्म जगत से जुड़ी शख्सियतों को भी प्रति वर्ष पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया जाता रहा है। हालांकि,फ़िल्म जगत की प्रतिभाओं को इस प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित करने की परंपरा देर से शुरू हुई,मगर वक़्त के साथ प्रति वर्ष पद्म पुरस्कारों से सम्मानित होने वालों की सूची में फ़िल्म जगत से जुड़ी प्रतिभाओं की संख्या बढ़ती ही जा रही है। इस वर्ष भी प्रियंका चोपड़ा,अनुपम खेर,रजनीकांत,मधुर भंडारकर सहित कई शख्सियतों को पद्म श्री,पद्म भूषण और पद्म विभूषण की उपाधि से सम्मानित किया गया।

1958 में सर्वप्रथम पद्म पुरस्कारों के लिए हिंदी सिनेमा की शख्सियतों को भी नामांकित किया गया था। उसके बाद तो सिनेमा की विधा में उत्कृष्ट योगदान देने वाली शख्सियतों को यदा-कदा पद्म श्री,पद्म भूषण और पद्म विभूषण की उपाधि के लिए नामांकित किया जाने लगा। सिनेमा के क्षेत्र से सर्वप्रथम पद्म श्री से 1958 में नरगिस,देविका रानी और सत्यजीत रे को सम्मानित किया गया,तो हिंदी सिनेमा जगत से सर्वप्रथम पद्म भूषण से सम्मानित होने वाले कलाकार थे पृथ्वी राज कपूर और लता मंगेशकर। इन दोनों ही कालजयी शख्सियतों को वर्ष 1969 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। भारत रत्न के बाद देश का द्वितीय सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है पद्म विभूषण। इस सम्मान से दिलीप कुमार और अमिताभ बच्चन को सम्मानित किया गया है। इस वर्ष रजनीकांत को इस विशिष्ट सम्मान से सम्मानित किया गया है।

दरअसल,समय के साथ समाज और देश में सिनेमा का प्रभाव बढ़ा है। और कला के इस अनूठे माध्यम को अब मुख्य धारा से जोड़ कर देखा जाने लगा है। ऐसे में,देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान के लिए अब इस क्षेत्र के उत्कृष्ट लोगों को प्रमुखता के साथ शामिल करना आवश्यक हो गया है। यदि पिछले कुछ वर्षो में देखें तो लोकप्रिय कलाकारों और फिल्मकारों को पद्म पुरस्कार के लिए सम्मानित करने का सिलसिला बढ़ा है। आमिर खान से शाहरुख़ खान तक और ऐश्वर्या बच्चन से प्रियंका चोपड़ा तक पद्म पुरस्कारों से सम्मानित हो चुकी हैं। पूर्व में जहाँ बेहद चुनिंदा लोगों को इस सम्मान के लिए चुना जाता था,वहीँ आज के दौर में एक वर्ष में सिनेमा की आधा दर्जन से अधिक शख्सियतों को इस प्रतिष्ठित सम्मान के योग्य समझा जाने लगा है। यह बात सिनेमा से जुड़े लोगों को उत्कृष्ट और सार्थक प्रयास के लिए प्रेरित करती है। इस वर्ष पद्मश्री सम्मान के लिए चुने गए फिल्मकार नील माधव पंडा का कहना है कि यह सम्मान उन्हें देश से संबंधित मुद्दों पर आधारित और अधिक फिल्में बनाने के लिए प्रेरित करेगा। 'आई एम कलाम' के लिए जाने जाने वाले पंडा ने पद्मश्री के लिए चुने जाने पर खुशी जताते हहुए कहा,'मैं काफी खुश हूं कि मुझे पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा। मेरे लिए यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। मैं आश्वस्त हूं कि इससे मुझे देश के लिए प्रासंगिक मुद्दों पर अधिक फिल्में बनाने की दिशा में काम करने के लिए प्रेरणा मिलेगी।'


*प्रियंका चोपड़ा: 'दिल धड़कने दो' से 'बाजीराव मस्तानी' तक और 'क्वांटिको' के लिए पीपुल्स चॉइस अवॉर्ड पाने तक और अब पद्मश्री.... मैं शब्दों में नहीं बता सकती कि मैं किन एहसास से गुजर रही हूं। मुझे लगता है कि जैसे मेरा सपना सच हो गया है।मेरा मानना है कि यह सब मेरी कड़ी मेहनत का फल है। मैं अपने काम को कभी हल्के में नहीं लेती।'

*अनुपम खेर:'खुश, विनीत और सम्मानित महसूस कर रहा हूं। एक निर्वासित कश्मीरी पंडित के बेटे को उसकी कड़ी मेहनत के लिए आज प्रतिष्ठित पद्म भूषण मिला है जिन्होंने एक छोटे शहर में वन विभाग में क्लर्क का काम किया। मेरे देश को शुक्रिया।'

*उदित नारायण :' पद्मभूषण पुरस्कार पाकर मुझे खुशी व गर्व की अनुभूति हो रही है। संतुष्टि के भी भाव हैं कि मेरी 35 बरसों की सेवा सफल हो गई। इस मौके पर मुझे 'लगान' का 'ओ मितवा' गाना याद आ रहा है। वह इंसान को निडर होकर जिंदगी की दुश्वारियों से मुकाबला करने को प्रेरित करता रहता है। मैं आगे भी निडर व निष्पक्ष भाव से संगीत व राष्ट्र की सेवा में अनवरत लगा रहूंगा। इस पुरस्कार से मिथिला के मान में चार चांद लग गए हैं।'

महत्वपूर्ण सूची-

अब तक पद्म पुरस्कारों से सम्मानित सिनेमा जगत की शख्सियतें-

पद्म भूषण :

*पृथ्वी राज कपूर,लता मंगेशकर(1969)
*राज कपूर(1971)
*बी एन सरकार(1972)
*बी नरसिम्हा रेड्डी,धीरेन्द्र नाथ गांगुली(1974)
*बेगम अख्तर(1975)
*मृणाल सेन(1981)
*एस बालाचंदर(1982)
*अक्किनेनी नागेश्वर राव(1984)
*दिलीप कुमार,श्याम बेनेगल(1991)
*नौशाद,तलत महमूद(1992)
*रजनीकांत(2000)
*अमिताभ बच्चन,देव आनंद,प्राण (2001)
*जगजीत सिंह,नसीरुद्दीन शाह (2003)
*यश चोपड़ा,मन्ना डे (2005)
*साई परांजपे,ए के हंगल (2006)
*आमिर खान,ए आर रहमान(2010)
*शशि कपूर,वहीदा रहमान (2011)
*शबाना आज़मी,धर्मेन्द्र(2012)
*राजेश खन्ना,शर्मीला टैगोर(2013)
*कमल हासन (2014)
*अनुपम खेर,उदित नारायण (2016)


पद्म श्री:

*नरगिस,देविका रानी,सत्यजीत रे(1959)
*अशोक कुमार(1962)
*महबूब खान (1963)
*मोहम्मद रफ़ी,शशाधर मुखर्जी(1967)
*बेगम अख्तर,सुनील दत्त,दुर्गा खोटे(1968)
*बलराज साहनी,राजेन्द्र कुमार,सचिन देव वर्मन (1969)
*मन्ना डे (1971)
*ऋषिकेश मुखर्जी,वहीदा रहमान,सुचित्रा सेन,महेंद्र कपूर (1972)
*नूतन (1974)
*गोपीकृष्ण,येसुदास(1975)
*श्याम बेनेगल(1976)
*भूपेन कुमार हजारिका (1977)
*अमिताभ बच्चन (1984)
*अपर्णा सेन (1987)
*शबाना आज़मी (1988)
*कमल हासन,लीला सैमसन,मोहन अगाशे,ओम पूरी(1990)
*आशा पारीख,मनोज कुमार,जया बच्चन (1992)
*जावेद अख्तर (199)
*रामानंद सागर,ए आर रहमान,शेखर कपूर,हेमा मालिनी(2000)
*गोविन्द निहलानी,मणि रत्नम(2002)
*आमिर खान,डैनी डेंजोप्पा,राखी(2003)
*हरिहरन,अनुपम खेर(2004)
*शाहरुख़ खान,कविता कृष्णमूर्ति(2005)
*टॉम अल्टर,माधुरी दीक्षित(2008)
*अक्षय कुमार,हेलेन,उदित नारायण,कुमार शानू,ऐश्वर्या राय बच्चन (2009)
*रेखा,सैफ अली खान (2010)
*तबस्सुम,काजोल,इरफ़ान खान (2011)
*श्रीदेवी(2013)
*संजय लीला भंशाली,रवींद्र जैन,प्रसून जोशी (2015)
*प्रियंका चोपड़ा,अजय देवगन,मधुर भंडारकर,नीला माधव पांडा,एस राजामौली,सईद जाफ़री (2016)