Tuesday, January 24, 2017

इंडियावालों की धूम

-सौम्या अपराजिता
इंडिया तरक्की कर रहा है। परम्परा और आधुनिकता के तालमेल से बने इंडियावाले दुनिया में अपनी प्रतिभा और आकर्षण का जादू चला रहे हैं। विशेषकर ग्लैमर वर्ल्ड से जुड़े इंडिया वालों का आकर्षण पाश्चात्य देशों में खूब चल रहा है। वे विश्व स्तर पर खुद को साबित कर रहे हैं...।
गर्व की बात है कि संयुक्त राष्ट्र संघ की यूनिसेफ़ ने प्रियंका चोपड़ा को अपने ग्लोबल गुडविल एम्बेसडर के रूप में चुना है। प्रियंका के लिए ही नहीं,बल्कि इंडियावालों के लिए भी यह किसी उपलब्धि से कम नहीं है। अमेरिकन टीवी शो 'क्वांटिको' में केंद्रीय भूमिका निभा रही प्रियंका कहती हैं कि वह यूनीसेफ की ग्लोबल गुडविल एम्बेसडर बनकर बेहद खुश और सम्मानित महसूस कर रही हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले प्रियंका यूनीसेफ की नेशनल गुडविल एम्बेसडर रह चुकी हैं। प्रियंका ने पिछले दिनों ट्वीट कर कहा, 'विश्वास नहीं होता कि 10 साल हो गए! अब सभी बच्चों के लिए इस अद्भुत संगठन के साथ ग्लोबल गुडविल एम्बेसडर के रूप में सेवा का अवसर मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है।' एक तरफ प्रियंका यूनीसेफ की ग्लोबल गुडविल एम्बेसडर बनती हैं,तो दूसरी तरफ अपने स्टाइल से ऑस्कर रेड कार्पेट पर धूम भी मचाती हैं। दरअसल, 'ऑस्कर अवॉर्ड समारोह' में हॉलीवुड की तमाम बड़ी हस्तियों के साथ-साथ प्रियंका ने भी शिरकत की थी। ऑस्कर में शिरकत करने वाली अभिनेत्रियों के परिधान हमेशा से ही चर्चा का विषय रही है और इस मामले में प्रियंका अपनी पहली उपस्थिति में ही बाजी मारने में कामयाब रहीं। ऑस्कर समारोह के दौरान जिन अभिनेत्रियों के परिधान को गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किया गया, उनमें प्रियंका भी शीर्ष दस में जगह बनाने में कामयाब रहीं। प्रियंका इस सूची में सातवें स्थान पर रहीं। इस सूची में पहली पोजिशन पर हॉलिवुड ऐक्ट्रेस जेनिफर गार्नर रहीं, वहीं प्रियंका ने केट ब्लेंशेट, केट विंसलेट और ओलिविया वाइल्ड जैसी हॉलिवुड की मशहूर अभिनेत्रियों को पछाड़ते हुए इस सूची में सातवां मुकाम हासिल किया।
रितिक रोशन के दीवाने पूरी दुनिया में हैं इसका पता इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक ऑनलाइन सर्वे में उन्हें दुनिया के सबसे हैंडसम पुरुषों की सूची में तीसरा पायदान मिला है। वर्ल्डटॉपमोस्ट डॉट कॉम साइट ने यह सर्वे कराया है। इस सूची में हॉलीवुड के अभिनेता टॉम क्रूज और रॉबर्ट पेटिसन के बाद रितिक को तीसरा स्थान मिला। रितिक रोशन के अलावा इस सूची में ह्यूज जैकमैन, जॉनी डेप और ब्रैट पिट को भी शामिल किया गया है। सलमान खान को इस सूची में सातवां स्थान मिला है। इस उपलब्धि के बारे में रितिक कहते हैं,'यह मेरे लिए एक कॉम्प्लीमेंट है, अचीवमेंट नहीं। अपने प्रशंसकों के प्यार के लिए मैं आभारी हूं और इस कॉम्प्लीमेंट के लिए उन्हें धन्यवाद करता हूं। मेरे ख्याल से किसी भी सर्वे में दुनिया के टॉप-10 में जगह बनाना ही महत्वपूर्ण है। मेरा मानना है कि गुड लुक्स कभी भी आपके आंतरिक व्यक्तित्व का हिस्सा नहीं होने चाहिए। जब आप यह न सोचें कि आप बहुत हैंडसम लगते हैं या आप बहुत अट्रैक्टिव हैं, ऐसा न सोचना आपको और अधिक आकर्षक दिखाता है।' गौरतलब है कि रितिक ने एशिया के सबसे सेक्सी पुरुषों की सूची में भी दूसरा स्थान पाया है।
एशिया के सबसे सेक्सी पुरुषों की सूची में रितिक रोशन के साथ कई और इंडियावाले शामिल हैं। स्मॉल स्क्रीन के लोकप्रिय अभिनेता आशीष शर्मा तीसरे स्थान पर हैं जबकि सलमान खान शीर्ष पांच में शामिल हैं। इस सूची में शाहरूख खान सतरहवें स्थान पर हैं। वहीं रणवीर सिंह ने दसवां और शाहिद कपूर ने सातवां स्थान हासिल किया है। 
ब्रिटेन के समाचार पत्र 'ईस्टर्न आई' द्वारा प्रकाशित एशिया की सबसे सेक्सी महिलाओं की सालाना सूची में भी देसी बालाओं ने बाजी मार ली है। इस सूची के अनुसार दीपिका पादुकोण एशिया की सबसे सेक्सी महिला बनी हैं,तो वहीँ दूसरे स्थान पर प्रियंका चोपड़ा हैं। रोचक तथ्य है कि तीसरे स्थान पर स्मॉल स्क्रीन की अभिनेत्री निया शर्मा हैं। एशिया की सबसे सेक्सी महिलाओं की इस सूची में आलिया भट्ट  पांचवें स्थान पर हैं,तो सनाया ईरानी ने छठा स्थान पाया है। सातवे स्थान पर कट्रीना कैफ, सोनम कपूर आठवें और गौहर खान दसवें स्थान पर हैं।
एशिया की सबसे सेक्सी महिला की उपाधि पाकर दीपिका पादुकोण बेहद सम्मानित महसूस कर रही हैं। वे कहती हैं,' इससे मेरे चेहरे पर मुस्कान आई है, लेकिन अलग-अलग लोगों के लिए सेक्सी का मतलब भी अलग होता है।मेरे लिए यह सिर्फ शारीरिक नहीं है।जिसके साथ आप सहज है वहीं सेक्सी है। आत्मविश्वास सेक्सी है। मासूमियत और सौम्यता सेक्सी है।' काबिलेगौर है कि फोर्ब्स मैग्ज़ीन
द्वारा जारी की गयी 'वर्ल्ड हाईएस्ट पेड एक्ट्रेस' की सालाना सूची के 'शीर्ष दस' में भी दीपिका शामिल हैं। एक करोड डॉलर की कमाई के साथ तीस वर्षीय दीपिका इस सूची में दसवें स्थान पर हैं। उल्लेखनीय है कि इस सूची में शामिल की जाने वाली वह एकमात्र भारतीय अभिनेत्री हैं।
इस वर्ष 'फोर्ब्स मैग्ज़ीन' के 'वर्ल्डज़ हाईएस्ट पेड एक्टर्स' की सूची में शीर्ष दस में शाहरुख़ खान और अक्षय कुमार की उपस्थिति उल्लेखनीय है। इसके अनुसार दुनिया भर में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले अभिनेताओं में शाहरुख खान आठवें स्थान पर हैं,तो अक्षय कुमार दसवें स्थान पर काबिज हैं। मैग्जीन के मुताबिक आठवें स्थान पर काबिज शाहरुख खान की इस साल की आय 221 करोड़ रुपए(3 करोड़ 30 लाख डॉलर) रही। इसी नंबर पर उनके साथ'आयरन मैन'के डाउनी जूनियर भी इतनी ही कमाई के साथ शामिल हैं। 3.15 करोड़ डॉलर यानी 211 करोड़ रुपए की आय के साथ  अक्षय कुमार हॉलीवुड के ब्रैड पिट के साथ दसवें नंबर पर हैं। फोर्ब्स के मुताबिक अक्षय हिट फिल्मों के चलते कमाई के मामले में आगे हैं। साथ ही विज्ञापनों से भी उनकी अच्छी कमाई होती है। सूची के मुताबिक 2.85 करोड़ डॉलर(190 करोड़ रुपए)की कमाई के साथ सलमान खान चौदहवें नंबर पर हैं,जबकि 2 करोड़ डॉलर(134 करोड़ रुपए)की कमाई के साथ अमिताभ बच्चन को लिस्ट में अठारहवां स्थान दिया गया है। 
बॉक्स के लिए---
* 'गूगल इंडिया' द्वारा जारी किए गए 'टॉप ट्रेंडिंग एक्टर्स' की सूची -
1-सुशांत सिंह राजपूत
2-कबीर बेदी
3-पुलकित सम्राट
4-हर्षवर्धन कपूर
5-सलमान खान
*'गूगल इंडिया' द्वारा जारी किए गए 'टॉप ट्रेंडिंग एक्टर्स' की सूची -
1-दिशा पटानी
2-उर्वशी रौतेला
3-पूजा हेंगड़े
4-मंदाना करीमी
*सोनम-शाहिद बने हॉटेस्ट वेजेटेरियन
पेटा इंडिया ने शाहिद कपूर और सोनम कपूर को इस वर्ष के हॉटेस्ट वेजेटेरियन की उपाधि दी गयी है। पेटा की तरफ से कराए गए एक ऑनलाइन सर्वे के अनुसार सोनम और शाहिद विजेता बनकर उभरे हैं। शाहिद और सोनम ने अमिताभ बच्चन,आलिया भट्ट,कंगना रनौत, विद्युत जामवाल,आर माधवन और सनी लियोनी को पीछे छोड़ यह खिताब अपने नाम किया है

No comments:

Post a Comment

आपकी टिप्पणियों का स्वागत है...